मार्च 2025 की इस तस्वीर में रिहा किए जा रहे अमेरिकी नागरिक, दोहा के लिए रवाना होते समय काबुल में कतर के राजनयिकों के साथ नजर आ रहे हैं.मार्च 2025 की इस तस्वीर में रिहा किए जा रहे अमेरिकी नागरिक, दोहा के लिए रवाना होते समय काबुल में कतर के राजनयिकों के साथ नजर आ रहे हैं.
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने एक साल से कैद में रखे गए अमेरिका के एक नागरिक, डेनिस कॉयल को रिहा कर दिया है. तालिबान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि कॉयल के परिवार ने तालिबान के सुप्रीम लीडर को एक चिट्ठी भेजी थी. इसमें उन्होंने ईद के मौके पर कॉयल को रिहा करने की अपील की थी.
64 साल के कॉयल एक अकादमिक शोधकर्ता और भाषाविद हैं. फोली फाउंडेशन, विदेशों में बंधक बनाए गए या मनमाने ढंग से गिरफ्तार किए गए अमेरिकियों की रिहाई के लिए काम करता है. उसके मुताबिक, कॉयल को जनवरी 2025 में गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी की वजह क्या थी, इसे स्पष्ट ना करते हुए तालिबान विदेश मंत्रालय ने बस यह कहा कि अफगानिस्तन में लागू कानूनों के उल्लंघन के कारण कॉयल को अरेस्ट किया गया था.
कॉयल के परिवार ने उनकी रिहाई के लिए एक वेबसाइट बनाई थी, जिसपर बताया गया है कि वह एक रिसर्चर के तौर पर अफगान समुदायों की मदद के लिए कानूनी तरीके से काम कर रहे थे. कॉयल पहली बार 2000 के शुरुआती सालों में अफगानिस्तान गए. यात्रा का मकसद अफगानिस्तान की संपन्न भाषायी विविधता का सर्वे करना था. परिवार के मुताबिक, अफगान लोगों के लिए उनका प्यार बस पेशेवर नहीं, निजी है.
इसी महीने, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बताया था कि गलत तरीके से बंदी बनाने वाले देशों की सूची में अफगानिस्तान को भी जोड़ दिया गया है. इस एलान के साथ उन्होंने कॉयल को रिहा किए जाने की भी मांग की थी. इसपर तालिबान ने ध्यान दिलाया कि कतर में दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद पिछले साल तालिबान ने पांच अमेरिकी नागरिकों को रिहा कर दिया था.(dw.com/hi)