तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके ने 24 मार्च को विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मेनिफेस्टो में 297 वादे किए गए हैं. इनमें परिवारों की महिला मुखियाओं को हर महीने 2,000 रुपये देने का वादा प्रमुख है. इसके अलावा, प्रत्येक परिवार को महंगाई और टैक्स के बोझ से राहत देने के लिए 10,000 रुपये देने का भी वादा किया गया है.
बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही एआईएडीएमके ने महिलाओं के साथ, पुरुषों को भी मुफ्त बस यात्रा देने का वादा किया है. पार्टी ने राशन कार्ड वाले हर परिवार को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया है. इसके अलावा राशन कार्ड धारकों को दाल-चावल और रेफ्रिजरेटर देने का भी वादा किया गया है.
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे. एआईएडीएमके 170 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं बीजेपी के खाते में 27 सीटें आई हैं. इसके अलावा, पीएमके 18 सीटों पर और एएमएमके 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.(dw.com/hi)