मृतक, और घायलों के परिजनों को आर्थिक मदद
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च। सीएम विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालु के परिजनों को 5 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद के लिए तत्पर है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।