भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने उन्हें फोन किया, और दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर अपने विचार साझा किए. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत तनाव को कम करने और जल्द-से-जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है. उन्होंने आगे लिखा, होरमुज स्ट्रेट का खुला, सुरक्षित और सुलभ बने रहना पूरी दुनिया के लिए जरूरी है.
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस बातचीत की जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की. उन्होंने मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति और होरमुज स्ट्रेट को खोले रखने की अहमियत के बारे में चर्चा की.
इससे पहले पीएम मोदी ने राज्यसभा में कहा था कि होरमुज स्ट्रेट जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में रुकावट अस्वीकार्य है. भारत के लिए होरमुज स्ट्रेट काफी अहम है क्योंकि देश की तेल और गैस सप्लाई का एक बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से आता है. बीते दिनों में कई जहाज होरमुज स्ट्रेट को पार करके भारत पहुंचे हैं, लेकिन अभी भी 20 से ज्यादा भारतीय जहाज वहां फंसे हुए हैं.(dw.com/hi)