खेल मंत्री का अनुमोदन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च। नवा रायपुर में खेल काम्प्लेक्स का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने खेल काम्प्लेक्स, और दुर्ग में स्टेडियम निर्माण के लिए कुल 109 करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपए की मंजूरी दी है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, नवा रायपुर में आधुनिक खेल कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 94 करोड़ 68 लाख 98 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह कॉम्प्लेक्स प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने की दिशा में अहम साबित होगा।
वहीं दुर्ग में बहु-उद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण हेतु 14 करोड़ 70 लाख 77 हजार रुपए की मंजूरी दी गई है। इस स्टेडियम के बनने से स्थानीय खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधा मिलेगी।
राज्य सरकार के इस फैसले को खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।