सीएम कल करेंगे राशि का अंतरण
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च । सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल 25 मार्च को लगभग 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को करीब 500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। इस राशि का अंतरण बलौदाबाजार से किया जाएगा।
इस योजना के तहत राज्य के 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
जिला-वार आंकड़ों के अनुसार, सर्वाधिक लाभ रायपुर जिले के 53,338 भूमिहीन कृषि मजदूरों को मिलेगा, जबकि सबसे कम बीजापुर जिले के 1,542 मजदूर इस योजना से लाभान्वित होंगे। इसके अलावा बिलासपुर में 39,401, महासमुंद में 37,011, कोरिया में 1,549 और नारायणपुर में 1,805 भूमिहीन मजदूरों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना में वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी जैसे पारंपरिक कार्यों से जुड़े परिवारों के साथ-साथ अनुसूचित क्षेत्रों के पुजारी, बैगा, गुनिया और माँझी परिवारों को भी शामिल किया गया है।
विशेष रूप से 22,028 बैगा और गुनिया परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है, जो राज्य की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत के संवाहक माने जाते हैं। पहले दी जाने वाली 7,000 रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर अब 10,000 रुपये प्रतिवर्ष कर दिया गया है।
राज्य सरकार ने संकल्प बजट 2026-27 में इस योजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और स्थायित्व मिल रहा है।