केरल में परिवर्तन का समय आ चुका है-साय
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज केरल दौरे के दौरान कोट्टायम जिले के चेंगन्नूर एवं अरनमुला विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन रैलियों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया और व्यापक जनसमर्थन जुटाया। इस दौरान उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए भाजपा के पक्ष में वातावरण को मजबूत किया।
मुख्यमंत्री साय ने चेंगन्नूर से भाजपा प्रत्याशी एम.वी. गोपाकुमार एवं अरनमुला से कुम्मनम राजशेखरन के समर्थन में आयोजित नामांकन रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव केरल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत का अवसर है।मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट किया कि केरल में अब बदलाव की आवश्यकता महसूस की जा रही है और जनता एक सशक्त विकल्प की ओर देख रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केरल की जागरूक और प्रबुद्ध जनता अब परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही पारंपरिक राजनीति से आगे बढक़र अब लोग विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही आधारित शासन की अपेक्षा कर रहे हैं, जो भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से ही संभव है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्थापित सुशासन, पारदर्शिता और विकास का जो मॉडल विकसित हुआ है, उसने पूरे देश में विश्वास का वातावरण तैयार किया है और उसी का प्रभाव अब केरल में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और कार्यशैली ने आम जनता के मन में भरोसा पैदा किया है। उन्होंने कहा कि चेंगन्नूर सहित पूरे केरल में भाजपा के प्रति जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है और यह उत्साह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक प्रदर्शन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और जनता का विश्वास मिलकर एक सकारात्मक माहौल तैयार कर रहे हैं।