अमेरिका का हवाई द्वीप गंभीर बाढ़ की चपेट में है. बाढ़ का पानी बड़ी संख्या में घरों और कारों को बहाकर ले गया. समाचार एजेंसी एपी ने प्रशासन के हवाले से बताया कि सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है. कुछ स्कूल और अस्पताल भी प्रभावित हुए हैं. किसी की जान जाने की खबर नहीं है, लेकिन 230 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना पड़ा है.
गवर्नर जॉश ग्रीन ने बताया कि बाढ़ से एक बिलियन डॉलर तक का नुकसान हो सकता है. उन्होंने इसे 2004 से अब तक की अवधि में सबसे गंभीर बाढ़ बताया. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित लोगों की मदद के लिए हवाई कम्युनिटी फाउंडेशन में दान करें. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गवर्नर ने कहा, एक प्रांत के तौर पर हमारे लिए इसके बहुत गंभीर परिणाम होने वाले हैं.
करीब एक सप्ताह पहले आए शीतकालीन तूफान के बाद भारी बरसात से बाढ़ की स्थितियां बनीं. कोना लो नाम का एक मौसमी चक्रवात आमतौर पर अक्तूबर से अप्रैल के बीच बनता है. यह द्वीप के शीतकालीन मौसमी चक्र का हिस्सा है. इसमें दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम की ओर चलने वाली हवाएं बहती हैं, जो नमी से भरी हवा लाती हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, ग्लोबल वॉर्मिंग के कारण हवाई में भारी बरसात ज्यादा तीव्र और नियमित हो गई है.(dw.com/hi)