छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 24मार्च।बृहस्पति बाजार स्थित श्रमिक प्रतीक्षालय में मजदूर सम्मेलन आयोजित हुआ,जिसमें करीब1200श्रमिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मजदूरों के चेहरे पर उत्साह दिखाई दे रहा था,क्योंकि उन्हें सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के तहत कुल1करोड़36लाख88हजार500रुपए की राशि सीधे मजदूरों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
मंच से मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने प्रतीकात्मक चेक भी हितग्राहियों को सौंपे।
सम्मेलन में6चयनित हितग्राहियों को ई-रिक्शा की चाबी दी गई,ताकि वे खुद का रोजगार शुरू कर सकें। इस पहल को मजदूरों के लिए बड़ी राहत और आत्मनिर्भर बनने का मौका माना जा रहा है।
मुख्य अतिथि विधायक अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा मजदूरों का पंजीयन किया जाए। साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए और पात्र लोगों को समय पर लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर पूजा विधानी ने की। उन्होंने भी मजदूरों के कल्याण के लिए लगातार काम करने की बात कही और योजनाओं का फायदा हर जरूरतमंद तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सम्मेलन के समापन के बाद सभी उपस्थित मजदूरों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी।