तालाब में किया विसर्जन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च। रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले खाली गैस सिलेंडरों को तेलीबांधा तालाब में प्रतीकात्मक रूप से फेंका और बाद में उन्हें बाहर निकाल लिया।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री कुमार मेनन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गैस एजेंसियों में बढ़ती कतारों और आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर आम और खास सभी वर्ग परेशान हैं, लेकिन सरकार समस्या के समाधान में विफल रही है। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, वहीं राज्य सरकार पर कालाबाजारी रोकने में असफल रहने और जनता के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडरों का विसर्जन तेलीबांधा तालाब में किया गया, जिसे बाद में बाहर निकाल लिया गया।
इस अवसर पर सुजीत सिंह, अजीत कुकरेजा, हीरेंद्र देवांगन, अविनय दुबे, महेंद्र कुमार सेन, वेंकट कुमार, मंगल सिंह, जसमीत सिंह, गजेंद्र साहू, राजू यादव, सुरेश बुधवानी, राधे नायक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।