6 अप्रैल को विवि घेराव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने आंदोलन की रूपरेखा साझा की।
उन्होंने बताया कि 24 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके बाद 30 मार्च 2026 को सभी महाविद्यालयों में प्राचार्यों के माध्यम से राज्यपाल एवं सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं 6 अप्रैल 2026 को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में एक साथ घेराव कर छात्र शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा।
एनएसयूआई का कहना है कि छात्र संघ चुनाव शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए छात्रों की समस्याएं प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचती हैं और उन्हें लोकतांत्रिक अधिकारों का अनुभव मिलता है। संगठन का मानना है कि इससे छात्रों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का विकास होता है तथा छात्र हितों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होता है।
संगठन ने छात्रों की विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। इसमें बढ़ती फीस, छात्रवृत्ति में देरी, शिक्षकों की कमी, लाइब्रेरी, इंटरनेट, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव शामिल है। इसके अलावा परीक्षा और परिणामों में अनियमितता, प्लेसमेंट व करियर मार्गदर्शन की कमी, हॉस्टल और परिवहन समस्याएं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल संसाधनों की कमी तथा प्रशासन की उदासीनता को भी गंभीर मुद्दा बताया गया।
अंत में एनएसयूआई ने प्रदेश के सभी छात्रों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान केवल छात्र संघ चुनाव बहाली तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और छात्र अधिकारों की रक्षा के लिए है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री हेमंत पाल, मीडिया चेयरमैन संकल्प मिश्रा, निखिल वंजारी, महताब हुसैन, वैभव मुंजेवर, संस्कार द्विवेदी, अंकित बंजारे और कृष सहारे उपस्थित रहे।