छत्तीसगढ़ संवाददाता
कुरुद, 24मार्च ।वनमंडल धमतरी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र केरेगांव में नीलगाय के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। रविवार को बांसीखाई बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक121 में एक नर नीलगाय मृत अवस्था में पाई गई।वन विभाग ने आरोपी मन्नू सहित अन्य संलिप्त शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मार्च को सुबह बांसीखाई बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक121 में एक नर नीलगाय उम्र 3 से 4 वर्ष मृत अवस्था में मिला। नीलगाय के गर्दन, पेट और पिछले हिस्से में तीर लगे होने से पता चला कि शिकारियों द्वारा शिकार किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंच जांच शुरू की। उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद से डॉग स्कॉड को बुलाया गया। डॉग स्कॉड ने घटनास्थल से मिले तीर की गंध के आधार पर ग्राम डोकाल निवासी मन्नू पिता लहर सिंह के घर पहुंचकर उसे चिन्हित किया। पूछताछ में आरोपी से शिकार के पुख्ता सबूत मिले, वन विभाग ने आरोपी मन्नू सहित अन्य संलिप्त शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएफओ धमतरी ने बताया कि वन्यप्राणियों के अवैध शिकार को रोकने के लिए विभाग द्वारा उड़नदस्ता स्ट्राइक फोर्स, गुप्तचर तंत्र और सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के वन अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कार्यालय या विभागीय अधिकारियों को दें।।