फर्जी टेंडर और अफसर से मुलाकात दिखाकर रचा खेल,सिरगिट्टी थाने में एफआईआर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 25मार्च।राजधानी रायपुर के एक वरिष्ठ वकील को ठगों ने बड़ा झटका दिया है। सोलर लाइट लगाने का काम दिलाने के नाम पर उनसे करीब1करोड़33लाख रुपये ठग लिए गए। मामला सामने आने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौबे कॉलोनी,रायपुर निवासी विनीत तिवारी पिछले32साल से वकालत कर रहे हैं। बताया गया कि उनके एक जूनियर ने उनकी पहचान भावेश जैन,गोपाल वैष्णव और संतोष कर्ण से कराई।
इन लोगों ने उन्हें डोंडीलोहारा क्षेत्र में1000सोलर पोल लगाने का बड़ा काम दिलाने का झांसा दिया और मोटा मुनाफा होने की बात कही।
पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए आरोपी उन्हें सीधे जनपद पंचायत कार्यालय ले गए। शिकायत के अनुसार,वहां एक अफसर से मुलाकात भी कराई गई,जहां काम देने की सहमति जैसी बात कही गई। यहां से वकील को भरोसा हो गया कि काम असली है। आरोपियों ने तिफरा बस स्टैंड के पास वर्क ऑर्डर देने के नाम पर पहले10लाख रुपये लिए।
इसके बाद अलग-अलग किश्तों में कुल1करोड़33लाख64,000की रकम ले ली गई।
जब वकील ने मौके पर सोलर पोल लगाने का काम शुरू किया,तो डोंडीलोहारा के अधिकारियों ने ऐसे किसी काम से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद मामला खुला कि पूरा टेंडर ही फर्जी था।
पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने संतोष कर्ण,गोपाल वैष्णव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।